Homeनागपूर न्यूजताजाबाद में लहराया परचम, १०० वां सालाना उर्स शुरू

ताजाबाद में लहराया परचम, १०० वां सालाना उर्स शुरू

Advertisements
Advertisements

उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम

२५ तारीख को निकलेगा शाही दरबारी संदल

नागपुर,२१ अगस्त २०२२: हजरत बाबा सैयद मोहम्मद ताजुद्दीन (र.अ.) इनके १०० वें सालाना उर्स का रविवार को परचम कुशाई की रस्म अदायगी से आगाज हुआ. इससे पूर्व हजरत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट कार्यालय में ताजाबाद दरगाह के सज्जादानशीन सैयद जरबीर ताजी एवं सैयद तालेफ ताजी के हाथों पंचम राजे रघुजी भोंसले की दस्तारबंदी की गई.

पश्चात सूफियाना कव्वाली पेश की गई. इसके बाद रघुजी भोंसले परंपरागत परचम को लेकर दरगाह परिसर पहुंचे. दरगाह परिसर में रघुजी भोंसले इनके हाथों परचम कुशाई की गई.

मौलाना खुर्शीद आलम इन्होने क़ुरआने पाक की तिलावत की और देश में अमन, शांति व भाईचारे के लिए दुआ मांगी गई. इस दौरान ताजाबाद में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा.

ताजाबाद में चहूओर उर्स का उत्साह नजर आया. लोग श्रद्धा के फूल लिए बाबा ताजुद्दीन की दरगाह में पहुंचे और जियारत की. वहीं उर्स पर २५ अगस्त को ताजाबाद ट्रस्ट कार्यालय से शाही दरबारी संदल निकेलगा.

परचम कुशाई के बाद दरगाह के समक्ष डोम में १०० वें सालाना उर्स का उद् घाटन कार्यक्रम आयोजित हुआ. इस अवसर पर मुख्य रूप से मुस्लिम धर्मगुरु मौलाना सैयद हासमी मियां, पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार, नासुप्र के सभापति मनोजकुमार सूर्यवंशी, विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, ताजाबाद ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे जिया खान, कांग्रेस नेता गिरीश पांडव, पूर्व मंत्री अनीस अहमद, राजे रघुजी भोंसले, मुफ़्ती अब्दुल कदीर, अतिरिक पुलिस आयुक्त वीणा जैन, डीसीपी नूरुल हसन, वाकी दरगाह के गद्दीनशीन डहाके पाटिल, ताजाबाद शाही मस्जिद के इमाम खुर्शीद आलम, ताजाबाद दरगाह के सज्जादानशीन सैयद जरबीर ताजी, सैयद तालेफ ताजी, अजमेर दरगाह के खादिम सैयद अब्दुल वासेशाह चिश्ती, मौलाना सुब्हानी मियां, पूर्व पार्षद रीता मुले, नागेश सहारे, ताजाबाद ट्रस्ट के सचिव ताज अहमद राजा, उपाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र जिचकार, ट्रस्टी फारुख बावला, बुर्जिन रांडेलिया, मुस्तफा टोपीवाला, इमरान खान, गजेंद्रपाल सिंह लोहिया उपस्थित थे.

ट्रस्ट के चेयरमैन प्यारे खान इन्होने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि ताजाबाद में विकास के लिए हम सबको मिलकर काम करना होगा. समाज को आगे ले जाने वाले बनो. विकास, सुधार के लिए हम सबकी बात सुनेंगे और साथ काम करेंगे. यह जगह गरीबों के लिए है. ५०० बेड का अस्पताल आने के बाद गरीबों को सुविधाएं मिलेंगी.

इस दौरान विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते ने भी अपने विचार रखे. मोहन मते ने कहा कि ताजाबाद में विकास को प्राथमिकता देंगे. ट्रस्ट के माध्यम से यहां विकास और जरूरी सुधार के लिए प्रयास करेंगे. भाईचारे के साथ मिलकर हमसब यह उत्साह मनाएंगे. वहीं कृष्णा खोपड़े ने कहा कि प्यारे खान इन्होने जिस तेजी और ततपरता से महामारी के संकट काल मे हजारों लोगों की जान बचाई थीं, उसी तेजी से उनके नेतृत्व में ताजाबाद में विकास और सुधार भी हुआ है.

देशप्रेम दिल में होना चाहिए-

मौलाना हाशमी मियां ने कहा कि हिन्दू मंदिरो में जाते है और मुस्लिम मस्जिदो में, लेकिन बाबा ताजुद्दीन के दरबार मे दोनों ही आते है. उन्होंने कहा कि मानवजाति के उद्धार, आत्मा के शुद्धिकरण, विचारों में पवित्रता और विश्व शांति के लिए पैगम्बर मार्गदर्शक बनकर आए. आज भी हमें इस रहबरी की जरूरत है. इसलिए जो काम पैग़ंबरों ने किया वह काम अब वली (सूफी) करेंगे. बाबा ताजुद्दीन के विचारों को अपनाकर हम उनके सच्चे अनुयायी कहलाएंगे. मौलाना हाशमी मियां ने कहा कि देशप्रेम का जज्बा दिल मे होना चाहिए. सिर्फ जुबां पर होने से कुछ नहीं होगा. जब तक हम एक दूसरे को पहचानेंगे नहीं, तब तक एक दूसरे को सम्मान भला कैसे दोंगे. लेकिन अल्लाह के वलियों ने खूब पहचाना है और इसीलिए आज हर धर्म समुदाय के लोग उन्हें सम्मान देते है.

सांप्रदायिक एकता मजबूत होगी –
समारोह में पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार ने कहा कि यह पुलिस विभाग की खुशनसीबी है कि हमें बाबा ताजुद्दीन के शताब्दी वार्षिक उर्स में व्यवस्था नियोजन का अवसर मिला है. बाबा ताजुद्दीन सर्वधर्म के प्रतीक है. उनके सालाना उर्स से सांप्रदायिक एकता मजबूत होगी. यहां से अच्छा संदेश लोगों तक पहुंचेगा. उन्होंने कहा कि ताजाबाद में पुलिस मदद केंद्र बनाया गया है. किसी तरह की अवैध गतिविधि या हुड़दंग की आशंका पर पुलिस की मदद लें,ऐशी गुजारिश उन्होने की.

मंच संचालन गयासुद्दीन अशरफी ने किया. ताज अहमद राजा ने आभार माना.

Latest बातम्या